पाकिस्तान में बड़ा एयर सेफ्टी हादसा: PIA प्लेन का लैंडिंग गियर का पहिया उड़ान के दौरान हुआ गायब
pakistan news
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) की एक घरेलू उड़ान के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कराची से लाहौर जा रहे फ्लाइट PK-306 के लैंडिंग के बाद यह पाया गया कि उसके मुख्य लैंडिंग गियर का एक पहिया गायब था। यह घटना इतनी हैरान करने वाली थी कि एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारी सकते में आ गए और तुरंत जांच के आदेश दे दिए गए।
कैसे पता चला पहिया गायब होने का?
गुरुवार सुबह जब विमान ने कराची से लाहौर के लिए उड़ान भरी, तब सब कुछ सामान्य था। लेकिन लाहौर हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान विमान का एक पहिया गायब होने की जानकारी मिली। एयरलाइन अधिकारियों को अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह पहिया उड़ान के दौरान कैसे और कहां गायब हुआ।
सोशल मीडिया पर अफवाहें और आधिकारिक बयान
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहें तेजी से फैलने लगीं, जिनमें कहा जा रहा है कि विमान का पहिया चोरी हो गया। हालांकि, PIA ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और सिर्फ यह कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
विमान कैसे सुरक्षित उतरा?
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मुख्य लैंडिंग गियर के एक पहिए के बिना भी विमान सुरक्षित रूप से लाहौर हवाई अड्डे पर उतरने में सफल रहा। हालांकि, यह एक गंभीर एयर सेफ्टी मुद्दा है, जिसे लेकर एविएशन अथॉरिटीज़ में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल, विमानन सुरक्षा एजेंसियां इस रहस्यमय घटना की जांच कर रही हैं और जल्द ही इस पर आधिकारिक रिपोर्ट जारी करने की संभावना है।