अमेरिका में कुदरत का कहर: बवंडर और धूल भरी आंधी से 39 की मौत, कई राज्यों में तबाही
amerika
US Disaster News: अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में बीते तीन दिनों से भयंकर मौसम का तांडव जारी है। तेज बवंडर, धूल भरी आंधियां और तूफानी हवाओं के कारण अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग बेघर हो गए हैं। कई राज्यों में लोग अपने घरों के नुकसान का आकलन करने को मजबूर हैं।
अलबामा में तबाही, मनोरंजन केंद्र को भी नुकसान
अलबामा इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल है, जहां तीन लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में 82 वर्षीय महिला भी शामिल हैं, जिनका घर बवंडर में तबाह हो गया। ट्रॉय शहर में स्थित एक मनोरंजन केंद्र, जहां 200 से अधिक लोग शरण लिए हुए थे, भारी नुकसान झेलने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया।
मिसौरी और अन्य राज्यों में हालात बदतर
मिसौरी में बवंडर से कम से कम 12 लोगों की मौत हुई और पूरे राज्य में मलबा फैल गया है। वहीं, टेक्सास और ओक्लाहोमा में तेज़ हवाओं ने जंगल की आग को और भड़काया, जिससे भारी तबाही हुई। ओक्लाहोमा में 130 से अधिक आग लगने की घटनाएँ दर्ज की गईं, जिसमें 300 से अधिक घर जलकर खाक हो गए और दो लोगों की मौत हो गई।
अगले 24 घंटे खतरनाक, मौसम विभाग की चेतावनी
राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम विज्ञानी कोडी स्नेल ने चेतावनी दी है कि कैरोलिनास, जॉर्जिया और फ्लोरिडा के कुछ हिस्सों में अभी भी बवंडर का खतरा बना हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक, पूर्वी तट पर ठंडा मोर्चा हटने तक स्थिति गंभीर बनी रह सकती है।
इस भीषण आपदा ने पूरे अमेरिका में हाहाकार मचा दिया है, और राहत कार्य तेज़ी से जारी हैं।